JS News 24 / Wed, Jun 10, 2026 / Post views : 156
पीलीभीत:- बीसलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से एक शातिर आरोपी के नाटकीय ढंग से फरार होने का मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी सुल्तान ने पुलिसकर्मियों को उस समय चकमा दे दिया, जब उसे मेडिकल परीक्षण के बाद वापस थाने ले जाया जा रहा था। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बीसलपुर कस्बा चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी के मुकदमे (मु0अ0सं0 281/2026, धारा 305(A), 317(2) BNS) में नामजद आरोपी सुल्तान पुत्र इरफान, निवासी मोहल्ला गयासपुर (भट्टे वाली गली, बीसलपुर) को बीते दिन सुबह करीब 07:54 बजे गिरफ्तार किया था। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने और उसका मेडिकल कराने के लिए कॉन्स्टेबल प्रबल प्रताप सिंह और रिक्रूट आरक्षी भानु निजी मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर लेकर गए थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जब पुलिस टीम आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद वापस लौट रही थी, तभी दयाल मेडिकल स्टोर मोड़ के पास एक स्पीड ब्रेकर पर मोटरसाइकिल की रफ्तार धीमी हो गई। इसी मौके का फायदा उठाकर पीछे बैठे आरोपी सुल्तान ने पुलिसकर्मियों को जोरदार धक्का दिया और चलती बाइक से कूदकर रफूचक्कर हो गया। अचानक हुए इस हमले और धक्के से संभलने से पहले ही आरोपी तंग गलियों में गायब हो चुका था।
ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने और आरोपी को भागने का मौका देने के आरोप में कॉन्स्टेबल प्रबल प्रताप सिंह और रिक्रूट आरक्षी भानु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 261 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस अभिरक्षा से फरार होने वाले आरोपी सुल्तान के खिलाफ धारा 262 BNS के तहत एक और नया मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है और क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपी की धरपकड़ की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन