Shariq Shaikh / Sun, Jan 18, 2026 / Post views : 908
पीलीभीत:- पूरनपुर तहसील क्षेत्र के धनाराघाट शारदा नदी तट पर मौनी अमावस्या के अवसर पर आयोजित मेले के दौरान रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान के दौरान चंदिया हजारा निवासी सौरभ पुत्र निताई व सुमित पुत्र सुशांत, दोनों की उम्र लगभग 14 से 15 वर्ष बताई जा रही है, गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे। दोनों किशोर अपने-अपने परिजनों के साथ मेले में आए थे और शारदा नदी में स्नान कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान अचानक दोनों किशोरों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहराई में चले गए। उन्हें डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर अवधेश, शिवम विश्वास और अमित तुरंत नदी में कूद पड़े और किशोरों को बचाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान अमित और शिवम किसी तरह नदी से बाहर निकल आए, जबकि अवधेश भी तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद किशोरों और युवक का शव शारदा नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया और घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद मेले में मौजूद श्रद्धालुओं में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी भीड़ के बावजूद नदी में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
किशोरों के परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए मना कर दिया है युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन