Jitendar Gangwar / Sat, Jan 24, 2026 / Post views : 348
बीसलपुर:- अपना दल कामेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहां है कि भाजपा के शासनकाल में किसानों का जमकर उत्पीड़न हो रहा है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
कृष्णा पटेल शनिवार को पटेल नगर कॉलोनी में संगठन के आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थी। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में महंगाई चरम सीमा पर है। गरीब परिवारों के चूल्हे मुश्किल से जल पा रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर सत्ता पर कब्जा कर व्यवस्था परिवर्तन के डॉ सोनेलाल पटेल के सपने को साकार करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता ही किसी पार्टी की रीढ़ की हड्डी होती है। वह संगठित होकर पार्टी को मजबूत बनाएं।
उन्होंने भाजपा सरकार को शोषित - वंचित, किसान कमेरा विरोधी बताते हुए 2027 में इसे उखाड़ फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज दलितों, पिछड़ों व कमेरों का उत्पीड़न चरम पर है। उनके हक़ अधिकार छीने जा रहे है प्रदेश की कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है। शिक्षा स्वास्थ्य की स्थिति बदहाल है। सरकार सिर्फ नफ़रत फैलाने का काम कर रही है। ऐसी जनविरोधी सरकार को एक पल भी सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
कृष्णा पटेल ने पंचायत चुनावों के महत्व को बताते हुए कहा कि ये चुनाव 2027 के चुनावों का सेमीफाइनल हैं। अतः 2027 के विधानसभा चुनावों में सरकार में भागीदारी हेतु पंचायत चुनावों में ऐतिहासिक सफलता हासिल करनी होगी जिसके लिए उन्हें अभी से कमर कसनी होगी।
कार्यक्रम को सुभाष पटेल, आजम अली, रामचंद्र लाल कोरी, हरिओम गंगवार, भानु प्रताप पटेल, रघुवीर पटेल, महेंद्र वर्मा,आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रेम सागर पटेल व संचालन शिवकुमार पटेल ने किया। इस मौके पर कृष्णा पटेल का भव्य स्वागत किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन