JS News 24 / Mon, Jan 26, 2026 / Post views : 247
पीलीभीत:- जिले के बीसलपुर क्षेत्र में रविवार की रात एक भव्य आयोजन का गवाह बनी अवसर था भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता डॉ रत्नेश गंगवार की सुपुत्री के जन्मदिन का इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए आयोजित सांस्कृतिक संध्या में 'हरियाणा की शकीरा' के नाम से मशहूर अंतरराष्ट्रीय डांसर गोरी नागोरी ने अपने नृत्य का जलवा बिखेरा।
बीसलपुर के गांव चौसर हरदोपट्टी में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारी पिछले कई दिनों से चल रही थी रविवार रात जैसे ही गोरी नागोरी मंच पर पहुंचीं, दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने अपने लोकप्रिय गानों पर शानदार प्रस्तुति दी, जिसे देखने के लिए न केवल गांव के लोग, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी भारी संख्या में भीड़ जुटी।
मंच पर गोरी नागोरी की ऊर्जा और नृत्य कला ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए निजी बाउंसरों के साथ-साथ भारी संख्या में समर्थक भी तैनात रहे।
भाजपा नेता रत्नेश गंगवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राजनीतिक गलियारों की हलचल भी साफ देखी गई। सुपुत्री को आशीर्वाद देने के लिए क्षेत्र के कई बड़े नेता, ग्राम प्रधान और गणमान्य नागरिक पहुंचे। फूलों से सजे भव्य पांडाल और चकाचौंध रोशनी के बीच जन्मदिन का यह उत्सव किसी बड़े महोत्सव जैसा प्रतीत हो रहा था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, वहां मौजूद युवाओं में गोरी नागोरी की एक झलक पाने और वीडियो बनाने की होड़ मच गई। देखते ही देखते कार्यक्रम के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीसलपुर क्षेत्र में इस तरह का बड़ा मनोरंजन कार्यक्रम लंबे समय बाद देखने को मिला है।
डॉ.रत्नेश गंगवार ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। देर रात तक चले इस जश्न ने इलाके में खूब चर्चा बटोरी। हालांकि, भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन