Adesh Kumar Singh / Sat, Feb 21, 2026 / Post views : 166
पीलीभीत के बीसलपुर स्थित बीआरसी कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय 'हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव' का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम निपुण भारत अभियान के तहत पूर्व प्राथमिक शिक्षा के प्रति जन समुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अशोक कुमार मुख्य अतिथि और जिला पंचायत सदस्य शिव स्वरूप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बीसलपुर विकास क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभिन्न विद्यालयों के नोडल शिक्षकों सहित 150 से अधिक लोगों ने इसमें भाग लिया। ब्लॉक प्रमुख अशोक कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कंपोजिट विद्यालय कन्या-हबीबुल्ला खाँ के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. हर्षित शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतिभागियों को बच्चों के विकास और शिक्षा के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने तथा उन्हें निपुण बनाने की अपील की। डॉ. हर्षित शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं और शिक्षकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने शिक्षा विभाग और सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए 'हमारा आंगन-हमारे बच्चे' कार्यक्रम की प्रशंसा की। हबीबुल्ला खाँ उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' पर एक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर बीसलपुर विकास क्षेत्र के 60 निपुण बच्चों को पुरस्कृत किया गया। टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) स्टॉल लगाने वाले उत्कृष्ट शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। वरिष्ठ एआरपी (अकादमिक रिसोर्स पर्सन) प्रवीण कुमार ने स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। एआरपी भारतेंदु कुमार ने माता उन्मुखीकरण और एआरपी कुलदीप कुमार ने वंडर बॉक्स के बारे में जानकारी दी। एआरपी गेंदन लाल और तुषार अरोरा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) पर चर्चा की। पूर्व एआरपी मुईन अहमद खाँ ने निपुण भारत अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन आलोक सैनी ने किया। अंत में, खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. हर्षित शर्मा ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन