: विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने सुनी फरियादें, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
JS News 24
/
Wed, Sep 10, 2025
/
Post views : 83
पीलीभीत:- बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद ने मंगलवार को अलीगंज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर जनसुनवाई आयोजित की। सुबह से ही लोगों की भीड़ कार्यालय में उमड़ने लगी थी और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अपनी-अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे। किसी ने बीमारी से जूझते परिवार के लिए सहयोग की गुहार लगाई, तो किसी ने सरकारी योजनाओं में आ रही बाधाओं का जिक्र किया। वहीं, कुछ लोगों ने प्रशासनिक कामकाज में हो रही देरी की शिकायत रखी। विधायक ने सभी फरियादियों की बातें गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए।
जनसुनवाई के दौरान स्वामी प्रवक्तानंद ने कई पारिवारिक विवादों को मौके पर ही सुलझाया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनका सर्वोच्च धर्म है और आमजन की समस्या का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार, विधायक रोजाना खमरिया पुल स्थित अपने आश्रम परम अक्रिय धाम और अलीगंज रोड कैंप कार्यालय पर जनसुनवाई करते हैं। गरीबों की आर्थिक सहायता, सामाजिक विवादों का निपटारा और जरूरतमंदों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
इसी कारण उनकी जनसुनवाई अब क्षेत्रवासियों की आशाओं का सहारा बन चुकी है। दूर-दराज़ से लोग अपनी समस्याएं लेकर यहाँ आते हैं और समाधान पाकर संतुष्ट होकर लौटते हैं।