: बाढ़ के पानी में फसी विवाहिता ने दिया शिशु को जन्म
JS News 24
/
Thu, Sep 4, 2025
/
Post views : 64
पीलीभीत:- बाढ़ के पानी में फसी प्रसूता की हालत बिगड़ने पर एसडीएम टीम के साथ एंबुलेंस लेकर गांव पहुंच गए। वमुश्किल महिला को सरकारी अस्पताल लाकर डिलीवरी करवाई। पुत्र का जन्म होने से ग्रामीण के घर में खुशियां छा गई।
बीसलपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बडेपुरा धारम बुधवार से ही बाढ़ की चपेट में आ गया था। गांव के हर प्रसाद की गर्भवती पत्नी प्रीति देवी की रात्रि 1:00 बजे तबीयत बिगड़ गई। पहले तो उसने पत्नी को गांव से सरकारी चिकित्सालय लाने का प्रयास किया परंतु सड़क पर 4 फीट से अधिक पानी होने के कारण उसकी हिम्मत टूट गई। हल्का लेखपाल राघेन्द्र को जानकारी दी। लेखपाल ने तहसीलदार हबीब अंसारी को स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने एसडीएम नागेंद्र पांडे को मामले की जानकारी दी। एसडीएम ने इसे काफी गंभीरता से लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा लेखराज को एंबुलेंस गांव भेजने के निर्देश दिए। परंतु सड़क पर पानी अधिक होने के कारण चालक ने एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में असमर्थता जताई। एसडीएम बाद में स्वंय एम्बुलेंस व अधीक्षक के नेतृत्व में टीम को साथ लेकर गांव पहुंचे। दर्द से तड़प रही महिला को चारपाई पर लिटाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव से वाहर तक लाया गया। बाद में महिला एंबुलेंस द्वारा बीसलपुर चिकित्सालय पहुंची। अस्पताल में महिला ने पुत्र को जन्म दिया। बच्चे की किलकारी गूंजते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों में खुशी छा गई। खुशी के इस मौके पर एसडीम ने परिजनों को मिष्ठान खिलाकर शिशु का सकुशल जन्म होने की बधाई दी।
बालक का नाम रखा गया सैलाब सिंह
बीसलपुर के ग्राम बडेपुरा धारम निवासी हर प्रसाद ने बताया कि वह अपने शिशु का नाम सैलाब सिंह रखेंगे। गांव में बाढ़ का पानी अत्यधिक आ जाने के कारण उसकी हिम्मत टूट गई थी। उपजिलाधिकारी मदद के लिए गांव में फरिश्ता बनकर पहुंचे। उन्होंने सकुशल पत्नी को अस्पताल पहुंचवाने में मदद की। एंबुलेंस में अधीक्षक की मौजूदगी में टीम साथ रही। एंबुलेंस के अंदर ही बच्चे का जन्म होना शुरू हो गया और चिकित्सालय पहुंचते पहुंचते बालक ने जन्म ले लिया।
डीएम को भेजी गई रिपोर्ट
बीसलपुर बाढ़ की विषम परिस्थिति में गर्भवती महिला को गांव से चिकित्सालय लाकर उसकी सकुशल डिलीवरी कराने की रिपोर्ट व वीडियो जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को भेजी गयी है।