: सुअर पालन के बाद कार्रवाई का डर दिखाकर व्यापारी से ठगे पांच करोड़
JS News 24
/
Sat, Nov 8, 2025
/
Post views : 111
पीलीभीत-: सुअर पालन में मुनाफा बताकर जालसाज ने सर्राफा व्यापारी को जोड़ा। इसके बाद कार्रवाई का डर और कामकाज बताकर एक साल में करीब पांच करोड़ रुपये ठग लिए। जनप्रतिनिधियों पर और अधिकारियों को कार्रवाई रोकने के लिए रकम देने की बात कहकर दबाव बनाता रहा। कोतवाली पुलिस ने मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
बीसलपुर कोतवाली में दी गई तहरीर में मोहल्ला दुबे निवासी राजीव नाथ अग्रवाल पुत्र त्रिलोकी नाथ अग्रवाल ने बताया कि उनकी ईदगाह चौराहा पर सर्राफा की दुकान है। वर्ष 2017-18 में ग्राम नगीपुर अखौला के रहने वाले सुनील कुमार पुत्र भोलानाथ आए और सुअर फार्म खोलने व क्रय विक्रय करने की बात कही। निश्चित मुनाफे का आश्वासन दिया। इस पर सुनील को दो लाख रुपये नकद दे दिए और आरोपी ने काम शुरू कर दिया। पंद्रह बार में एक साल के भीतर करीब 40 लाख रुपये आरोपी ने लिए और तीन लाख रुपये मुनाफा दर्शाकर वापस भी किए। 2019 में सुनील ने कोविड काल में सुअर खरीद बिक्री बंद कर दी। फरवरी 2023 से पुन: इसी काम को करने के वायदे पर दो बार में दस लाख रुपये ले लिए। 2023 सितंबर में कहा कि रेलगाड़ी से सुअरों को बिक्री के लिए दीमापुर नागालैंड यूपी के सीतापुर से भेजना है। खर्चे के लिए बीस लाख रुपये ले लिए। इसके बाद चौदह अक्टूबर को ट्रेन में खराबी आने की बात कही और ये जानकारी दी गई कि माल वापस आया है। उसे कई जगह रखवाना होगा। इसके लिए चार लाख रुपये और ले लिए। जनवरी 2024 में सुनील ने कहा कि सुअरों के मरने और रखने में गंदगी फैल रही है। जिससे प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है। इसे रोकने के लिए फ़रवरी 2024 में प्रदेश सरकार के एक मंत्री का नाम लेते हुए उन्हें देने की बात कहकर 50 लाख रुपये ले लिए। फिर जून 2024 में पूर्व की भांति डराकर कमिश्नर, डीएम शाहजहांपुर के नाम पर 90 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी उपमुख्यमंत्री को कार्रवाई से बचने के लिए देने के नाम पर 1.80 करोड़ रुपये मांगे, जोकि नहीं दिए। इस पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। आरोप है कि करीब पांच करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन ठगी की गई। डरा धमकाकर रंगदारी के तौर पर रकम वसूलता रहा। अभी भी उपमुख्यमंत्री का नाम लेकर 1.80 करोड़ रुपये आरोपी मांग रहा है।
बीसलपुर कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी नगीपुर अखौला गांव निवासी सुनील कुमार पुत्र भोलेनाथ पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना कराई जा रही है।