पीलीभीत:- जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में राहत कार्यों की गति तेज हो गई है। इसी कड़ी में विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर लोगों की मदद कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने विकासखंड मरौरी के कंजा हरैया गांव में पहुँचकर पांडा कॉलोनी, कलकत्ता कॉलोनी और शांति नगर कॉलोनी के सैकड़ों पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने गजरौला सहराई और बगुलिहाई गौटिया में भी लगभग 300 परिवारों को राहत किट उपलब्ध कराई। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह, क्षेत्रीय कानूनगो, लेखपाल, खंड विकास अधिकारी मरौरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणों ने भी राहत वितरण में सक्रिय भूमिका निभाई।
अमरिया में किया वितरण
इसके अतिरिक्त ग्राम जोशी कॉलोनी टोंडरपुर एवं रानी कॉलोनी बहरुआ में भी विधायक ने उपजिलाधिकारी अमरिया के साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी। विधायक ने प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी पीड़ित परिवार को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा।
प्रधानों कोटेदारों को निर्देश
विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने ग्राम प्रधानों और कोटेदारों को निर्देश दिए कि सभी पात्र परिवारों तक समय से राशन पहुँचे और जरुरतमंद लोगों की सूचना तुरंत प्रशासन तक भेजी जाए, ताकि तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रभावित सभी गांवों को मदद दी जाएगी और किसी भी तरह की जनहानि या पशुहानि पर आपदा राहत से मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
वितरण में रहे मौजूद
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष महेश लोधी, मंडल उपाध्यक्ष जीवन हलधर, ग्राम प्रधान हरेंद्र कुमार, नंदलाल लोधी, हरिराम सोनकर, मिथुन कश्यप, गजरौला मंडल अध्यक्ष कपिल सिंह, अजय गुप्ता, विचित्र सिंह, नेमचंद वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधायक का संदेश
विधायक ने कहा कि सरकार और प्रशासन हर कदम पर जनता के साथ है। संकट की इस घड़ी में किसी को भी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।